आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज में सोमवार को सैन्य प्रशिक्षण कमान की सिल्वर जुबली मनाई गई। इस दौरान ‘खाद्य सुरक्षा और पशु जनित बीमारी’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत कर शोध पत्र प्रस्तुत किए।
आरवीसी दिल्ली के डायरेक्टर जनरल बीएसएम लेफ्टिनेंट जनरल जगविंदर सिंह और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के पूर्व सचिव डॉ. वीएम कटोच ने पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाली घातक बीमारियों को चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि इस ओर हमें मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने इबोला, इंफ्लूएंजा, सार्सा और निपाह जैसी बीमारियों के बारे में विस्तार से बताया। तकनीकी सत्र में सूक्ष्म कीटाणु के खतरों पर बात की गई। इसमें डॉ. एचके प्रसाद, डॉ. राहुल बंसल, कर्नल लवन सिंह, कर्नल अजय मलिक, ब्रिगेडियर अनिल कुमार, ले. कमांडर पर्निका चंडोला, ले. कर्नल एके हरिथ ने स्थित, क्षेत्र, तत्परता के बारे में विचार रखे।
दूसरे सत्र में पशुओं के उत्पादों को खाने से उत्पत्ति, चेतावनियों और अवसरों पर मंथन हुआ। डॉ. अशोक कुमार, ले. कर्नल विपुल दत्त, सर्जन कमांडर आर आनंद, ले. कर्नल एके पुतिया, ले. कर्नल आर कुमार, ले. कर्नल बीके प्रधान और डॉ. श्रेया रावत ने विचार रखे। मंगलवार को तीसरे सत्र में सर्विसेज के लिए भविष्य की रणनीतियों, चौथे सत्र में समग्रता पर चर्चा होगी। आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज के मेजर जनरल पीएस नरवाल, डीआरडीओ, आईसीएमआर, आईवीआरआई, एनआईडीसी और भारतीय सैन्य बालों के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक हिस्सा लेंगे।