मेरठ। दो माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों ने मंगलवार को प्राचार्य कार्यालय के सामने पार्क में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। विरोध जताने के लिए उन्होंने बांह पर काली पट्टी भी बांधी हुई थी। प्राचार्य के जल्द वेतन दिलाने के आश्वासन पर वे शांत हुए।
मेडिकल कॉलेज में करीब 250 जूनियर डॉक्टर हैं, जिनका जनवरी और फरवरी माह का वेतन नहीं आया है। इन्हें करीब 80 हजार रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। यह सभी एमबीबीएस करने के बाद यहां से एमडी या एमएस कर रहे हैं। दोपहर करीब एक बजे जूनियर डॉक्टर प्राचार्य कार्यालय के सामने पार्क में जमा हुए और बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही वेतन नहीं आया तो वह ड्यूटी भी नहीं करेंगे। उनका कहना था कि मेडिकल प्रबंधन कह रहा है कि जैसे ही बजट आएगा, सैलरी दे दी जाएगी। इस संबंध में प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता का कहना है कि प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द ही जूनियर डॉक्टर की सैलरी दे दी जाए।