हल्दौर/बिजनौर। हादसे में दादा और इकलौते पौत्र की मौत से सड़क पर गमजदा गांव वालों का गुस्सा नजर आया। पुलिस के संग नोकझोंक भी हुई। लोगों ने छह घंटे तक दो जगहों पर हाईवे को जाम करके रखा। इसी हादसे में दो मौत और गांव के ही छह मजदूर घायल होने से गांव में मातम छाया रहा। इस हादसे में जालंधर पंजाब का रहने वाला कैंटर चालक भी घायल हुआ है। हालांकि पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सोमवार को विशाल ट्रैक्टर और गहाई मशीन लेकर दूसरे गांव के किसान के खेत में गेहूं की गहाई करने के निकला था। विशाल ट्रैक्टर चला रहा था, उसके दादा के साथ-साथ गांव के ही छह लोग भी संग थे। बिजनौर नूरपुर मार्ग पर खतापुर गांव के सामने तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। कैंटर में कबाड़ भरा हुआ था। हादसा इतना भयंकर था कि ट्रैक्टर और गहाई मशीन के साथ साथ कैंटर भी पलट गया। विशाल और उसके दादा-ट्रैक्टर के नीचे दब गए। जिनकी मौत हो गई। गांव में यह खबर पहुंची तो सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। जम खुलवाने का प्रयास कर रही पुलिस से ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक भी हुई।
गुस्साए लोग मृतक के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और घायलों को पचास, पचास लाख रुपये की आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पाकर मौके पर सीओ सिटी सदर संग्राम सिंह, नायब तहसीलदार प्रीति सिंह, सीओ सिटी चांदपुर भरत कुमार, बिजनौर तहसीलदार अमरपाल सिंह आदि प्रशासनिक अधिकारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के परिजनों को उचित मुआवजा व घायलों का उपचार कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने पर जाम खोला गया और मार्ग सुचारू कराया।
मृतक अमर सिंह के पुत्र नरपाल सिंह ने कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मौके पर भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष सोनू कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। उधर इस हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में सन्नाटा पसरा रहा।