- एक सप्ताह में मेरठ की तीन बेटियों ने क्रिकेट में बढ़ाया जिले का मान
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ की बेटियां क्रिकेट के मैदान पर लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। आईआईएमटी विश्वविद्यालय की बीपीएड छात्रा अनम का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। इससे एक दिन पहले आईआईएमटी की ही खुशी राठी का चयन भी यूपी अंडर-23 टीम में हुआ था। वहीं, करीब एक सप्ताह पहले मेरठ की क्रिकेटर रिया भाटी ने अंडर-19 इंडिया ए टीम में जगह बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया था। एक सप्ताह में तीन बेटियों की इस उपलब्धि से मेरठ में महिला क्रिकेट को लेकर उत्साह का माहौल है।
अनम पिछले तीन वर्षों से आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी में बीसीसीआई लेवल-2 कोच एवं हेड कोच आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं। अनम का चयन ओडिशा में शुरू होने वाली एलीट टी-20 ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश की अंडर-23 टीम में हुआ है। वह विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। दाएं हाथ से बल्लेबाजी करती हैं। विकेट के पीछे उनकी शानदार भूमिका और भरोसेमंद बल्लेबाजी उनकी खासियत है।
अनम की सफलता के पीछे उनका कठिन परिश्रम और परिवार का संघर्ष भी जुड़ा है। पिता के निधन के बाद उनकी मां शहनाज ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और खेल के प्रति उनके सपनों को पूरा करने में पूरा साथ दिया। इस उपलब्धि पर आईआईएमटी विवि के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता और प्रो-चांसलर मयंक अग्रवाल ने शुभकामनाएं दीं। आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के निदेशक उदित गौड़ ने बताया कि खुशी राठी का यूपी अंडर-23 और रिया भाटी का इंडिया ए अंडर-19 टीम में चयन भी महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है।