संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मोहल्ला अहाता ईसाइयान के कुछ लोगों से लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण तनावग्रस्त एक वृद्ध ने जहर खाकर जान दे दी। मृतक ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने उत्पीड़न का जिक्र किया है। परिजनों ने वृद्ध को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला अहाता ईसाइयान निवासी 60 वर्षीय लहजो का अपने पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। रविवार को तनाव के चलते लहजो ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे खिर्वा रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। बताया कि लहजो ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने मोहल्ले के कुछ लोगों द्वारा उत्पीड़न के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी है। पुलिस ने शव काे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।