अमरोहा का किसान हस्तिनापुर से 12 दिन से लापता, हत्या की आशंका, परिजनों ने हस्तिनापुर थाने
हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के गांव मखदूमपुर में अपनी जमीन के ठेके की धनराशि लेने आए अमरोहा जिले के रसूलपुर गांव का एक किसान पिछले करीब 12 दिनों से लापता है। परिजनों ने किसान की हत्या का अंदेशा जताते हुए शनिवार को थाने में तहरीर देते हुए बरामदगी की गुहार लगाई है।
अमरोहा जिले के गांव रसूलपुर निवासी जगरूप सिंह पुत्र बलविंदर सिंह ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि क्षेत्र के गांव मखदूमपुर में उनकी कृषि भूमि है। उसका बड़ा भाई कंवलजीत (35) 24 मई को पड़ोसी गुरजीत सिंह के साथ मखदूमपुर में कृषि भूमि के ठेके की धनराशि लेने के लिए आया था। रात में वह दोनों मखदूमपुर में अपने खेत पर बनी झोपड़ी में ही सो गए। उसी रात 10 से 12 लोगों ने चेहरे पर कपड़े ढककर उन पर हमला किया। जिनमें से कुछ लोगों को कंवलजीत और गुरजीत ने पहचान लिया। हमलावर दोनों को अलग-अलग स्थान पर ले गए।
आरोप है कि कंवलजीत पर गोलियां चलाई गई और पड़ोसी गुरजीत सिंह के साथ मारपीट की गई। गुरजीत सिंह को जबरन हस्तिनापुर थाने में ले जाकर झूठे केस में बंद करवा दिया। 25 मई की शाम पुलिस ने उसे जमानत दे दी। घर पहुंचकर गुरजीत सिंह ने कंवलजीत के परिजनों को जानकारी दी।
12 दिन बीतने के बाद भी उसके लापता कंवलजीत सिंह का कोई भी अता-पता नहीं है। अंदेशा है कि आरोपियों ने उसके भाई की हत्या दी है।
एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।