बहसूमा में पति अमित की हत्या उसकी पत्नी और उसके प्रेमी अमरदीप ने कर दी। जेल भेजे जाने से पहले दोनों हत्यारोपी थाने की हवालात में रहे। वहीं अमरदीप की मां ने कहा कि तीन बच्चों की मां ने उसके बेटे को फंसाया, उसे यह सब करने से पहले सोचना चाहिए था।
बहसूमा के अमित की हत्या व पत्नी रविता के जेल जाने के बाद मासूम तीन बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। मासूम अनिकेत (6), अनु (4), गौरी (2) अब अपनी दादी मुनेश के पास हैं।
विज्ञापन
अमित, रविता और अमरदीप।
- फोटो : अमर उजाला
मृतक अमित चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके सबसे बड़े भाई मोनू व अंकित शादीशुदा हैं। जबकि उसका छोटा भाई संदीप अविवाहित है। बृहस्पतिवार को रविता के तीनों बच्चे अपनी मां से मिलने के लिए थाने पहुंचे। लेकिन थाने में बच्चों से उसकी मां को नहीं मिलवाया गया। बच्चे रोते रहे। रविता का चचिया ससुर राजू, देवर संदीप व मोनू भी थाने पहुंचे। मासूम बच्चों को अभी अपनी मां की करतूत का कुछ नहीं पता।
आठ साल पहले हुई थी अमित की शादी
अकबरपुर सादात निवासी अमित कश्यप उर्फ मिक्की का विवाह आठ साल पूर्व मुजफ्फरनगर जनपद के सैदपुर गांव निवासी रविता से हुआ था। रविता दो बहन व एक भाई हैं। उसके दूसरी सौतेली मां से भी दो भाई हैं।
पुलिस ने सपेरे को लिया हिरासत में
पुलिस ने सांप बेचने वाले सपेरे को हिरासत में ले लिया है। अमरदीप ने अमित की हत्या को सांप से डसने की घटना दर्शाने के लिए महमूदपुर सिखेड़ा निवासी निखिल से एक हजार रुपये में सांप खरीदा था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद हत्या का खुलासा हो गया। गिरफ्तार किए गए अमरदीप ने निखिल से सांप खरीदने की बात मीडिया को बताई थी।
अमरदीप की मां बोली, दो घर बर्बाद कर दिए
हत्यारोपी अमरदीप (19) अविवाहित है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा है। ग्रामीणों ने बताया कि उसके बड़े भाई सोहन की तीन साल पूर्व गांव के ही एक व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। छोटा भाई सोनू शादीशुदा है। अमरदीप अविवाहित है। उसका पिता सुंदर मजदूरी करता है। थाने में बैठी अमरदीप की मां धर्मावती ने बताया कि उसके पुत्र की कोई गलती नहीं है। तीन बच्चों की मां को सोचना चाहिए था कि वह क्या कर रही है। उसके बेटे की कोई गलती नहीं है। जब पूछा गया सांप तो उसका बेटा ही लाया है तो उसने कहा कि उस महिला ने ही सांप मंगाया था। मेरा बेटा तो अनजान था। सारी गलती रविता की है। उसने दो घर बर्बाद कर दिए।