- ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में योग शिक्षा में स्नातकोत्तर डिप्लोमा के छात्र अमित कुमार ने एलपीयू फगवाड़ा में आयोजित नॉर्थ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी जूडो चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया है। अंडर-73 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाले अमित कुमार का चयन अब ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए हो गया है।
नॉर्थ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी जूडो चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन एलपीयू फगवाड़ा में 15 से 18 जनवरी तक किया गया। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र अमित कुमार ने अंडर-73 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा किया।
इस मौके पर विवि के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता, प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल, कुलपति डॉ. दीपा शर्मा, शारीरिक शिक्षा विभाग के डीन डॉ. वीएस पटियाल और क्रीड़ा अधिकारी प्रणव दिनकर, राहुल कुमार, अंशी शर्मा, पूजा रानी ने अमित कुमार को बधाई दी।