एंबुलेंस चालकों को समय से नहीं मिल रहा वेतन
मेरठ। जीवन दायिनी स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारी शनिवार को महिला जिला अस्पताल में हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों ने कुछ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया और कहा कि लगातार उनका शोषण किया जा रहा है। यदि उनकी मांगे पूरी नहीं की गई तो यह ठीक नहीं होगा। इन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भी ज्ञापन भेजा है। 102 और 108 एंबुलेंस चालकों और अन्य कर्मचारियों का कहना है कि 11 हजार मासिक नौकरी पर हम पूरी तरीके से निर्भर हैं। कोरोना संक्रमण काल में प्रदेश सरकार के हित में काम किया है लेकिन परिवार इस समय भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। समय से सैलरी नहीं मिल रही है। उत्पीड़न भी किया जा रहा है। जो मांगे थी, उन्हें भी पूरा नहीं किया गया है। जबकि एंबुलेंस का रिस्पांस पूरे प्रदेश में सबसे अच्छा है। कोरोना जैसी बीमारी के समय में 16 एंबुलेंस के चालक कोरोना की चपेट में आ गए। फिर भी लगातार कोरोना के मरीजों को घर से लेकर कोविड वार्ड तक ले जा रहे हैं। ऐसे में हमारे साथ सुरक्षा के भी पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। कोरोना के समय में हम अपने कार्य को बखूबी अंजाम दे रहे हैं। सीएमओ को भी एंबुलेंस चालकों ने मामले की जानकारी दी।