एंबुलेंस पलटने से घायल किडनी का मरीज अमरपाल।
- फोटो : LAWARD
दौराला(मेरठ)। मुजफ्फरनगर से मेरठ एक निजी अस्पताल में मरीज लेकर आ रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। जिस कारण एंबुलेंस चालक, मरीज व उसकी पत्नी घायल हो गए। देररात महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फिरोजाबाद निवासी एंबुलेंस चालक विकेश सोमवार को मुजफ्फरनगर निवासी किडनी मरीज अमरपाल को मेरठ स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर आ रहा था। एंबुलेंस में अमरपाल की पत्नी अमरेश भी थी। दौराला सर्विस रोड पर मलिक नर्सिंग होम के सामने एंबुलेंस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना से चालक विकेश घबरा गया और एंबुलेंस को तेज गति में दौड़ाने लगा। करीब ढाई किलो मीटर दूरी चलने पर दौराला के पास चालक नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार चल रही एंबुलेंस ने अचानक हाईवे पर तीन पलटी खाई। अचानक हुए हादसे व तेज आवास से दूसरे वाहन रुक गए। घटना में चालक विकेश, मरीज अमरपाल व पत्नी अमरेश घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की सहायता से तीनों को एंबुलेंस से बाहर निकाला और गंभीर हालत में मोदीपुरम स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। महिला अमरेश की देररात उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक चालक नशे में था। इस संबंध में अभी तक कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। वहीं, एंबुलेंस की टक्कर से घायल बाइक सवार मौके पर पहुंचा, हादसा देख बिना शिकायत किए लौट गया। वहीं, महिला के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाइवे पर अनियंत्रित होकर पलटी एंबुलेंस।- फोटो : LAWARD