बदमाशों ने गार्ड को ऐसा भरोसे में लिया कि गार्ड खुद बदमाशों की सुरक्षा करता रहा और बदमाश गोला कुआं स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से 8.7 लाख उड़ा ले गए। बदमाशों ने गार्ड को बताया था कि एटीएम जीएसटी के लिए अपडेट करना है। कैश के साथ साथ बदमाश सीसीटीवी का डीवीआर, एटीएम मशीन की हार्ड डिस्क तथा एटीएम के अन्य उपकरण भी ले गए। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के उपशाखा प्रबंधक सतेंद्र राव ने बृहस्पतिवार को लिसाड़ीगेट थाने में लूट की जानकारी दी। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में गोलाकुआं के पास यूनियन बैंक का एटीएम है। एटीएम पर ब्रह्मपुरी के इंदिरानगर निवासी मदन मोहन पुत्र गंगाशरण गार्ड तैनात है। सात अगस्त की रात्रि साढ़े नौ बजे बाइक पर दो युवक काले रंग का बैग लेकर एटीएम पर पहुंचे। जिसके बाद आरोपियों ने गार्ड से कहा कि वह बैंक से आये हैं और एटीएम को जीएसटी के लिए अपडेट करना है। जिसके बाद गार्ड ने आरोपियों को अंदर एटीएम बूथ में जाने दिया। आरोपियों ने गार्ड से दिनेश (मेरठ में यूनियन बैंक के आईटी अधिकारी) का नाम भी बताया।
इसके बाद गार्ड ने उन्हें बैक रूम जिसमें सीसीटीवी का डीवीआर रखा था उसकी चाबी भी दे दी। उसके बाद दोनों युवकों ने गार्ड से कहा कि शटर बाहर से बंद कर दे। जिसके बाद गार्ड शटर गिराकर बाहर खड़ा खड़ा रहा। इस दौरान बदमाश एटीएम से आठ लाख 69,800 रुपये ले गये। नौ अगस्त को एटीएम चैक करने पर ज्ञात हुआ कि एटीएम से कैश गायब हो गया।