- मवाना रोड स्थित जेपी एकेडमी में हुआ प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जिला सेपक टकरा एसोसिएशन की ओर से सोमवार को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें अमन सेपक टकरा एकेडमी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मवाना रोड स्थित जेपी एकेडमी में यह प्रतियोगिता कराई गई। इसमें आठ बालक और आठ बालिकाओं ने टीम इवेंट में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पहला स्थान अमन सेपक टकरा एकेडमी ने प्राप्त किया। टीम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल और शानदार तालमेल का प्रदर्शन कर सभी को आकर्षित किया। दूसरा स्थान बाल विहार पब्लिक स्कूल, तीसरे स्थान पर जेपी एकेडमी ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता में करण कुमार, उजेफा मलिक, कृष सैनी, निहाल, अमन कुमार, मेरठ की कोच सुमन सिंह, सबा मलिक आदि की विशेष भूमिका रही।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला सेपक टकरा एसोसिएशन के अध्यक्ष वेदपाल ने किया। बाद में सभी खिलाड़ियों को कुलदीप मलिक ने सम्मानित किया। जिन खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन रहा, उनका चयन राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए किया गया।