जमीयत उलमा-ए-हिंद एवं परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के आह्वान पर जमीयत यूथ क्लब व ग्लोबल इंटरफेथ वाश एलायंस (जीवा) साझा तौर पर अमन एकता हरियाली यात्रा के तहत 26 अगस्त को देवबंद में पौधरोपण करेंगे। यात्रा में मौलाना महमूद मदनी व निकेतन के स्वामी चिदानंद जी महाराज शामिल होंगे।
जमीयत उलमा-ए-हिंद दिल्ली के मीडिया इंचार्ज अजीमुल्लाह सिद्दीकी कासमी ने जारी बयान में बताया कि जमीयत और परमार्थ निकेतन ने संयुक्त रुप से ग्लोबल वार्मिंग और जल संकट के विकराल रूप को कम करने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प किया है ताकि आने वाली नस्ल को साफ-सुथरा और अच्छा भविष्य प्रदान किया जा सके तथा जल शक्ति के महत्व को समझा जा सके।
उन्होंने बताया कि इसी के चलते निकेतन और जमीयत यूथ क्लब संयुक्त रूप से अमन एकता हरियाली यात्रा के तहत देवबंद, मुजफ्फरनगर और शामली के मंदिर, मस्जिद, मदरसों, स्कूलों, स्टेशन, अस्पताल और सार्वजनिक स्थानों पर पौधरोपण किया जाएगा।
25 अगस्त को धार्मिक नगरी ऋषिकेश से शुरू हुई यात्रा 27 अगस्त को दिल्ली में समाप्त होगी। अजीमुल्लाह ने बताया कि 26 अगस्त को यात्रा का देवबंद पहुंचने पर जमीयत उलमा-हिंद की जिला कार्यकारिणी की ओर से महमूद हाल में आयोजित कार्यक्रम में स्वागत किया जाएगा।