संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के शाखा अध्यक्ष शुगनचंद धिंगान ने नगर पालिका पर सफाई कर्मचारियों को वितरित की गई वर्दी में अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने उपजिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर मामले की किसी अन्य विभाग के अधिकारी से जांच कराने की मांग की है। शिकायत की प्रति नगर पालिका अध्यक्ष शकीला अंसारी को भी दी गई है।
शिकायत पत्र में शुगनचंद धिंगान ने बताया कि नगर पालिका की ओर से करीब 250 सफाई कर्मचारियों को वर्दी वितरित की गई है। आरोप है कि प्रत्येक कर्मचारी की वर्दी के लिए करीब 1795 रुपये निर्धारित किए गए थे, लेकिन कुछ कर्मचारियों को वर्दी मिलने के बाद भी कई कर्मचारी इससे वंचित हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कर्मचारियों को दी गई वर्दी की बाजार कीमत करीब 200 से 250 रुपये के आसपास है। सिलाई के लिए 300 रुपये का भुगतान किया गया है।
उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से नगर पालिका अधिकारियों से अच्छी गुणवत्ता की वर्दी उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। अधिकारियों ने बेहतर गुणवत्ता की वर्दी उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया था। शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से ठेकेदार को करीब चार लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। संगठन अध्यक्ष ने मामले में भुगतान, वर्दी की गुणवत्ता और वितरण की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने प्रकरण की गंभीरता से जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।