सरधना। तहसील क्षेत्र के गांव राजपुर मोमिन निवासी फूल समुंद्री ने ने कुछ लोगों पर उसके द्वारा खरीदी गई जमीन पर अवैध कब्जा करने और फसल नष्ट करने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से शिकायत की है। पीड़िता ने बताया कि उसने गांव में विधिवत बैनामा कराकर जमीन खरीदी थी। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसकी जमीन पर जबरन जुताई कर दी और खड़ी ईख की फसल को नष्ट कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने का प्रयास किया। महिला का कहना है कि आरोपी लगातार जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे वह भयभीत है। उसने अपनी और संपत्ति की सुरक्षा कराने की मांग की है। पीड़िता ने उपजिलाधिकारी को दिए शिकायत पत्र में जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।