संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव के कुछ लोगों पर घर के बाहर उसके और उसके भाई के साथ मारपीट करने, पत्नी और 17 वर्षीय बेटी के साथ अभद्रता तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना पुलिस पर उसकी तहरीर पर कार्रवाई नहीं करने और दूसरी तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। वहीं, एक्स पर मुख्यमंत्री के नाम पोस्ट करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने आत्मदाह की चेतावनी दी है।
एसएसपी को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि सात सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने भाई के साथ घर के बाहर चबूतरे पर बैठा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा। आरोप है कि दो दिन पहले मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर उसके साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत उसने मुल्हेड़ा चौकी पर की थी। इसी बात को लेकर गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उसके और उसके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार शोर सुनकर उसकी पत्नी 17 वर्षीय बेटी उन्हें बचाने पहुंची। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों के साथ भी मारपीट की। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। आरोप है कि घटना के बाद ग्रामीणों के साथ वह थाने पहुंचा और तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की। आरोप है कि उसकी तहरीर फाड़ दी गई और दूसरी तहरीर के आधार पर मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी से मामले की जांच कर उसकी शिकायत के आधार पर कार्रवाई कराने की मांग की है। एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले में गंभीरता से जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-