संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बा हर्रा में साझा रास्ते को लेकर विवाद गहरा गया है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पूर्व में हुए समझौते का उल्लंघन करते हुए साझा मार्ग की ओर अवैध रूप से कई गेट और एक रेस्टोरेंट का प्रवेश द्वार बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है।
गांव हर्रा निवासी प्रदीप चौहान ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि रास्ते के विवाद को लेकर चार माह पहले को गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। समझौते के अनुसार विपक्षी पक्ष को अपने मकान की पश्चिम दिशा स्थित गली में केवल एक निर्धारित गेट लगाने की अनुमति दी गई थी तथा भविष्य में सभी निर्माण कार्य समझौते की शर्तों के अनुरूप किए जाने थे।
आरोप है कि दूसरा पक्ष विकास पुत्र राजेंद्र सिंह और कमलेश पत्नी राजेंद्र सिंह समझौते की शर्तों की अनदेखी करते हुए साझा रास्ते की ओर तीन अलग-अलग गेट निकाल रहे हैं। इसके अलावा उसी मार्ग की तरफ एक रेस्टोरेंट का मुख्य प्रवेश द्वार भी बनाया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि इससे भविष्य में रास्ते पर भीड़भाड़ बढ़ेगी और आवागमन प्रभावित होगा।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि समझौते का हवाला देकर निर्माण कार्य रोकने का प्रयास करने पर विपक्षी पक्ष ने अभद्रता की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। प्रदीप चौहान ने एसडीएम से मामले की जांच कराकर साझा रास्ते की ओर किए जा रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने की मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर कहना है कि राजस्व विभाग की ओर से मामले की जांच कर आख्या प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।