- ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई कार्रवाई की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बा हर्रा के ग्रामीणों ने सार्वजनिक मुख्य मार्ग पर अवैध अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो गया है। जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है और आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने मुख्य सड़क के दोनों ओर मिट्टी की ऊंची दीवार खड़ी कर दी है, जिससे नालियों और वर्षा का पानी सड़क पर भर रहा है। इसके चलते सड़क पर दो से पांच इंच तक जलभराव बना रहता है। उनका कहना है कि स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य मार्ग के एक हिस्से पर ईंटों का चट्टा लगाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है। इससे बाइक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, बुग्गी समेत अन्य वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण का विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक माह पूर्व इसी मार्ग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना भी हो चुकी है।
ज्ञापन देने वाले सनव्वर, जब्बार, सद्दाम, नौशाद, जुल्फिकार, इमरान ने एसडीएम से राजस्व, नगर पंचायत और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम से मौके का निरीक्षण कराने, सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण हटवाने की मांग की। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने नायब तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।