संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। आजादनगर निवासी कारोबारी ने 20 लोगों पर कारखाने में घुसकर धारदार हथियारों से हमला करने, 20 हजार रुपये और सोने की चेन लूटने तथा पिस्टल लहराकर धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शकील ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर वह जुलेढ़ा पीर के पास स्थित अपने अलमारी बनाने के कारखाने के कार्यालय में बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान इस्लामाबाद निवासी 20 अज्ञात लोगों के साथ कारखाने में घुस आया। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान हमलावरों ने उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये और गले से सोने की चेन लूट ली। शोर सुनकर कारखाने के मजदूर उसे बचाने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों में से एक ने पिस्टल निकालकर मजदूरों को धमकाया और बीच में आने पर गोली मारने की धमकी दी। आसपास के लोगों के मौके की ओर आने पर आरोपी पिस्टल लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
-