पीड़ित की तहरीर पर कंपनी के डायरेक्टर व महिला पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कोतवाली थाना क्षेत्र के विकास रस्तोगी ने कंपनी के डायरेक्टर आरोपी तपस रंजन पटनायक व रंजना पटनायक पर इंडस्ट्रियल ऑयल की सप्लाई के नाम पर 44 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला पूर्वा अहिरान निवासी विकास रस्तोगी ने बुधवार को कोतवाली थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि उन्होंने अपनी कंपनी पिताम्बर इम्पैक्स के बैंक खाते से 11 जून 2026 को 44 लाख रुपये जैडपीएस ऑयल एंड गैस प्राइवेट लिमिटेड को इंडस्ट्रियल ऑयल खरीदने के लिए भेजे थे। कंपनी ने आश्वासन दिया था कि दो दिन के भीतर ऑयल की सप्लाई पहुंचा देगी। भुगतान के बाद कंपनी की ओर से व्हाट्सएप पर ट्रक नंबर और चालक का नाम भेजकर माल रवाना होने की जानकारी दी गई। कई दिन बीत जाने के बाद भी ऑयल नहीं पहुंचा। जब ट्रक नंबर और चालक की जानकारी की जांच कराई गई तो वह पूरी तरह फर्जी निकली।
पीड़ित का आरोप है कि कंपनी ने अपना कार्यालय और आवास भी दिखाया था। मौके पर पहुंचने पर वहां पर कोई नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कंपनी सुनियोजित तरीके से लोगों को झांसा देकर रकम हड़पने का काम करती है और ठगी के बाद अपना ठिकाना बदल लेती है। आरोपियों पर सरबजीत नामक एक अन्य युवक से भी 39.50 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।