मवाना। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में निर्माण कार्यों में हुए अतिरिक्त व्यय सहित सभी नौ प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में पेयजल योजना के तहत 25 सोलर वाटर कूलर क्रय किए जाने के लिए शासन से धनराशि की मांग किए जाने वाले प्रस्ताव को भी पारित किया गया। सभासदों ने नगर में स्ट्रीट लाइटों को लेकर नाराजगी व्यक्त की। सभासद आशीष ने प्रस्ताव रखा कि बिना कमीशन के पालिका में कार्य हो।
नगर पालिका के सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में सभासद अवजीत ने प्रस्ताव रखा कि स्ट्रीट लाइट नहीं लगने के कारण रास्तों पर अंधेरा है। शौचालय के गड्ढे की सफाई करने वाली मशीन का पाइप बड़ा कराने की मांग की। वार्ड 23 की सभासद नरगिस ने कहा कि सफाई कर्मचारी चार दिन में एक ही दिन आते हैं। जिससे सफाई ठीक से नहीं हो पा रही है।
सभासद आशीष ने सभासदों के कक्ष में रखे सोफे में खटमल होने की बात कही। वहीं सभासदों के नाम की प्लेट आवासों पर लगवाने की मांग की। पास किए जाने वाले प्रस्तावों पर सभासदों के हस्ताक्षर कराए जाएं।
बोर्ड बैठक में 1.94 करोड़ रुपये के 25 सोलर वाटर कूलर क्रय करने के लिए शासन को प्रस्ताव प्रेषित कर धनराशि मांगे जाने, जल निकासी योजना के अंतर्गत नालों के निर्माण के लिए 2 करोड़ का प्रस्ताव शासन को प्रेषित कर व्यय धनराशि की मांग किए जाने, पथ प्रकाश योजना के अंतर्गत मुख्य मार्गों पर खंभों सहित लाइट लगवाने के लिए 3.12 करोड़ रुपये शासन से धनराशि की मांग किए जाने, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 5.94 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय किए जाने, अवस्थापना निधि के अंतर्गत 35.80 लाख रुपये व्यय किए जाने, वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए विज्ञापन शुल्क का ठेका छोड़े जाने सहित निर्माण व विकास कार्यों में हुए अतिरिक्त व्यय की स्वीकृति सहित अन्य प्रस्ताव पर सहमति बनी। इसके अलावा नगर में पथ प्रकाश के लिए 500 एलईडी, 100 हाईमास्ट लाइट तथा 500 बल्ब तथा अन्य सामग्री खरीदने, अंतिम शव यात्रा वाहन खरीदने, स्काई लिफ्टर मशीन खरीदने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। अध्यक्षता चेयरमैन अखिल कुमार कौशिक तथा संचालन ईओ राजीव कुमार ने किया। बैठक में सभी सभासद उपस्थित रहे।