- छह सप्ताह में देनी होगी निरीक्षण रिपोर्ट, वीकेंड और शाम की कक्षाओं समेत नियमों के पालन की होगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के निर्देश पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जुड़े सभी लॉ कॉलेजों और विधि संस्थानों की जांच होगी। विश्वविद्यालय ने इसके लिए जिलेवार जांच समितियां बना दी हैं। सभी कॉलेजों को समिति से संपर्क कर जल्द निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विश्वविद्यालय ने 12 अगस्त को जारी पत्र में बीसीआई के 23 जुलाई के पत्र का हवाला दिया है। बीसीआई ने सभी विधि शिक्षण संस्थानों का तत्काल निरीक्षण कराने और लीगल एजुकेशन रूल्स-2008 के अनुसार व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में यह भी देखा जाएगा कि कॉलेजों में नियमों के खिलाफ वीकेंड या शाम की कक्षाएं तो नहीं चल रही हैं।
छह सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट
बीसीआई ने विश्वविद्यालयों को निरीक्षण पूरा कर छह सप्ताह के भीतर नई रिपोर्ट भेजने को कहा है। इसी के तहत सीसीएसयू ने जिलेवार समितियां गठित की हैं। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को समिति के साथ समन्वय कर निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है।
लापरवाही पर कॉलेज जिम्मेदार
विश्वविद्यालय रजिस्टर प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कॉलेजों को साफ चेतावनी दी गई है कि मामले में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। पत्र में कहा गया है कि मामला गंभीर है और सुप्रीम कोर्ट से संबंधित है। आगे यदि उच्च स्तर से कोई आदेश या निर्देश आता है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित कॉलेज के प्राचार्य या सचिव की होगी। कॉलेजों को निरीक्षण समिति को जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।