परतापुर इंटरचेंज पर जाम मे फंसे वाहन
मेरठ/मोदीपुरम/गंगानगर। रक्षाबंधन पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, देहरादून-नई दिल्ली हाईवे से लेकर शहर के मुख्य मार्गों पर शनिवार को भीषण जाम लग गया। इसके चलते मोदीपुरम से लेकर परतापुर और परतापुर से काशी टोल प्लाजा तक हजारों वाहन रास्ते में जाम में फंसे रहे। सिवाया और काशी टोल पर तो दिन और रात में कई बार तीन से चार किलोमीटर दूर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वाहन रेंगते हुए निकले। इसके चलते भाई-बहनों के साथ ही अन्य हजारों यात्रियों को जाम से जूझना पड़ा।
हाईवे पर मोदीपुरम बाईपास, कंकरखेड़ा में खड़ौली चौराहा, दौराला, लावड़-मसूरी मार्ग, सिवाया भराला मार्ग पर जाम के हालात ज्यादा खराब रहे। इसके चलते पांच किलोमीटर का सफर डेढ़ से दो घंटे में पूरा हो पाया। सिवाया टोल से शनिवार को लगभग 65 हजार वाहन होकर गुजरे। टोल के सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान ने बताया कि दो दिन की छुट्टी और पर्व होने के चलते हाईवे पर वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ। परतापुर में जाम की सूचना पर सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना पहुंचीं और जाम की स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस देर रात तक जाम की स्थिति को संभालने में जुटी रही। वहीं दूसरी ओर बिजली बंबा बाईपास पर भी दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। मवाना रोड पर चार से पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।