एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के अनुसार जिले में जुमे की नमाज पर जोन व सेक्टर व्यवस्था लागू कर दी गई है। सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। आरएएफ के साथ-साथ पीएसी भी लगाई गई है ताकि कोई माहौल खराब न कर सके। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सर्किल अफसर अपने- अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। मिश्रित आबादी के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ ही आरएएफ को लगाया गया है।
लोकल खुफिया एजेंसियों के अलावा पुलिस मित्रों को जिम्मेदारी दी गई है। करीब 125 से ज्यादा शरारती तत्वों को चिह्नित कर उनकी निगरानी कराई जा रही है। शुक्रवार को जुमे की नमाज पर शहर में ड्रोन से निगरानी होगी। इसके लिए कुछ स्थान पहले ही चिह्नित कर लिए गए हैं। वहीं एसएसपी डा. विपिन ताडा ने सीओ और थानेदारों को दोनों समुदायों को बिल के विरोध या समर्थन में कोई जुलूस और प्रदर्शन न करने के लिए निर्देशित किया है।
यह भी पढ़ें: सात वर्ष बाद मिला इंसाफ: बेटी के प्रेमी की हत्या में पिता-पुत्रों समेत पांच को उम्रकैद,कार में मिली थी लाश
शामली में शुक्रवार को जुमे की नमाज और वक्फ बोर्ड संशोधन बिल को लेकर पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह से ही सतर्कता बरतनी शुरू कर दी। शहर में सुबह पुलिस ने गाड़ियों के काफिले के साथ मार्च किया। इसी तरह सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनाैर और बागपत में जुमे की नमाज व वक्फ की संपत्ति को लेकर अर्ल्ट किया गया है। अधिकारी पैनी नजर रखे हुए हैं।