शहर में हुए उपद्रव के बाद 14 अप्रैल तक शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। डीएम और एसएसपी आरएएफ के साथ संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च निकाल रहे हैं। शनिवार शाम दलित बस्तियों और दिल्ली रोड पर करीब तीन घंटे तक अफसरों ने भ्रमण किया। लोगों से शांति व्यवस्था की अपील की।
डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी मंजिल सैनी, एडीएम सिटी मुकेश चंद्र, एसपी सिटी मान सिंह चौहान, एसपी देहात राजेश कुमार, एसपी क्राइम शिवराम यादव, एसपी ट्र्रैफिक संजीव बाजपेई, सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह, सीओ अखिलेश भदौरिया, सीओ दिनेश शुक्ल, सीओ पंकज सिंह, सीओ विजय प्रकाश, सीओ श्रीराम अर्ज, सभी थाना प्रभारी, एक कंपनी आरएएफ, दो कंपनी पीएसी के साथ शाम चार बजे से दिल्ली रोड पर शॉप्रिक्स मॉल से फ्लैग मार्च शुरू किया गया। दिल्ली रोड से मोहकमपुर, शिवपुरम, चौहान पुरी, नई बस्ती, लल्लापुरा, मलियाना, बागपत रोड, से होकर ट्रांसपोर्ट नगर तक समाप्त हुआ।
एसएसपी ने पार्षदों और अन्य लोगों से शांति व्यवस्था में सहयोग की मांग करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहों पर ध्यान न दें। शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। अराजक तत्वों पर पुलिस नजर रखे हुए है। दलित बस्ती के लोगों से भी अपील की है कि शहर में पुलिस गश्त कर रही है। किसी भी स्तर पर पुलिस लापरवाही नहीं बरतेगी। जिन्होंने सोमवार को उपद्रव कर माहौल बिगाड़ा है, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
लिसाड़ी गांव में शांति के लिए बैठक
सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह, सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला, एसीएम ब्रह्मपुरी और इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट मो. असलम ने शनिवार को लिसाड़ी गांव में शांति व्यवस्था के लिए अपील की। सीओ ने कहा कि आंबेडकर जयंती पर जुलूस के कार्यक्रम पर प्रतिबंध रहेगा। शांतिपूर्ण तरीके से ही कार्यक्रम होंगे। पूर्व सभासद मान सिंह, मुंशीराम, राजकुमार, दिनेश, भोपाल, विक्रम, आदित्य रहे।