अक्षय तृतीया पर अच्छे कारोबार के लिए एशिया की सबसे बड़ी सोना मंडी में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सराफा कारोबारियों ने लेटेस्ट डिजाइन के गहनों का डिस्प्ले कर दिया है। ग्राहकों को लुभाने के लिए तमाम छूट व ऑफर भी लांच कर दिए हैं। शहर के मुख्य सराफा बाजार से लेकर आबूप्लाजा, आबूलेन, सदर व अन्य छोटे गहना बाजारों में छोटे-बड़े हर रिटेल कारोबारी ने अक्षय तृतीया की तैयारी की है। नए गहनों का स्टॉक है। प्रदर्शनी भी आयोजित की है। ताकि अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त पर अधिक से अधिक ग्राहक पीली धातु की खरीद का लाभ लें। इस मौके पर सोना, चांदी, हीरा के अलावा माणिक और राशि रत्नों के अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कारोबारियों के अनुसार सोने के दाम दो दिन पहले ही बढ़े हैं। ऐसे में अक्षय तृतीया पर 15 करोड़ से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है।
छूट, सेविंग स्कीम और दोगुना मुनाफा
अक्षय तृतीया के लिए कारोबारी ग्राहकों को लुभाने के लिए शानदार स्कीमें चला रहे हैं। इसमें नो मेकिंग चार्ज, मेकिंग चार्ज में कुछ प्रतिशत की छूट, गहनों की खरीद पर सिक्का मुफ्त, तय खरीद पर इलेक्ट्रानिक आयटम व निश्चित उपहार, 100 प्रतिशत पर एक्सचेंज, सेविंग स्कीम में आकर्षक ब्याज सहित अन्य ऑफर विशेषकर अक्षय तृतीया के लिए हैं।
इन गहनों की कर सकते हैं खरीदारी
अक्षय तृतीया पर हल्के-भारी हर तरह के डिजायनर व सिंपल गहने हैं। चूड़ी, कंगन, अंगूठी, कॉक टेल अंगूठी, मांगटीका, बेंदी, झूमर, नथ, पहाड़ी नथ, हाथफूल, ब्रेसलेट, हल्की-भारी चेनें, नाक की कील, टॉप्स, झुमकी, इयरिंग्स, बाली, झाले, डेंगल्स, हार, सेट, पायल, बिछिया, छल्ले, हेयरपिन, कमरबंद, सोने व चांदी के सिक्के, भगवान की मूर्तियां, नोट एवं गिफ्ट आयटम आदि हैं। ठोस धातु, पत्ते के अलावा गोल्ड प्लेटिंग वाले आयटम भी हैं।
मुख्य बिंदु-
मेरठ में 3500 से अधिक सराफा कारोबारी
प्रतिदिन 10 करोड़ से अधिक कारोबार
आबूलेन आबूप्लाजा, सदर सराफा, शहर सराफा, नीलगली, सेंट्रल मार्केट हैं प्रमुख बाजार
एशिया की सबसे बड़ी गोल्ड मंडी है मेरठ