फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अय्यर बोले, कांग्रेस ही चला सकती है केंद्र में सरकार

Mon, 05 Oct 2015 01:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा कि केंद्र में गैर कांग्रेसी कभी सरकार नहीं चला सकते हैं। इन पांच सौ दिन में ही देश की जनता समझ चुकी कि उन्होंने कितनी बड़ी गलती की है। अय्यर ने भाजपा के साथ ही सपा को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि सपा और भाजपा मिलकर जनता से खेल रही हैं।
विज्ञापन


रविवार को ग्लोबल सिटी गंगानगर में आयोजित स्वागत समारोह में मणिशंकर अय्यर ने सभा को संबोधित करते हुए यह विचार रखे। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वह यहां पांच सौ अच्छे दिनों का जश्न मनाने आए हैं। अपने संबोधन में किसानों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के सबसे बड़े दुश्मन हैं।

किसानों के हित की सोचना तो दूर उल्टे उनकी जमीन पूंजीपतियों को बेचने की साजिश रच रहे हैं। लेकिन राहुल गांधी के कड़े प्रतिवाद के कारण उनका मकसद सफल नहीं हो पाया। आज लोग सोच रहे हैं कि उन्होंने ऐसी पार्टी और व्यक्ति के नाम पर वोट क्यों दिया।
विज्ञापन


अय्यर ने आरोप लगाते हुए कहा कि किसान प्याज 12 रुपये किलो बेच रहा है और जनता को 60 रुपये मिल रही है। यह 48 रुपया मोदी और उनके खास लोगों की जेब में जा रहा है। सपा और भाजपा मिले हुए हैं। यूपी में जंगलराज किसी से छिपा नहीं है, लेकिन मुलायम सिंह यादव बिहार में जाकर वहां जंगलराज बता रहे हैं। पहले उन्हें अपने यहां की स्थिति ठीक करनी चाहिए। भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राम मंदिर की सौगंध खाने वाले आडवाणी आज तक उन्हें जवाब नहीं दे पाएं हैं कि वह संविधान की कसम का पालन करेंगे या अपने राम की कसम का।

कांग्रेस की लोकसभा चुनाव में हुई खस्ता हालत पर मणिशंकर अय्यर ने कहा कि कार्यकर्ता निराश न हों। क्योंकि हम पहले भी गिरे हैं, लेकिन बहुत मजबूत बनकर उभरे हैं। भाजपा सरकार का जादू जनता से उतरने लगा है और अब भविष्य में वह कभी वापसी नहीं कर पाएगी। हर क्षेत्र में सरकार विफल हो रही है। ऐसी सरकार पहले कभी न आयी और न ही कभी आएगी।

ओवैसी से बिगड़ रहा है समीकरण
मणि शंकर अय्यर ने कहा कि ओवैसी बंधु उनके मित्र हैं। क्योंकि वह बहुत अच्छे लोग हैं। लेकिन उनके  कारण मुसलमान भ्रमित होकर बिखर जाता है और हिंदू एक हो जाता है। जिसका फायदा भाजपा को मिल रहा है। वह उन्हें इस बारे में समझा चुके हैं। उम्मीद है इसका रास्ता जल्दी ही निकलेगा। अय्यर ने किसानों के साथ मुसलमानों को भी अपने भाषण में प्रमुखता से केंद्रित रखा। उन्होंने खुले तौर पर कहा कि भाजपा मुसलमानों के साथ भेदभाव करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरएसएस के प्रचारक रहे हैं और उसी मानसिकता के तहत काम कर रहे हैं।

विदेशों में लुटा रहे धन
सभा की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनय प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री के पास देश के किसानों को देने के लिए पैसा नहीं है। लेकिन विदेशों में जाकर खूब धन लुटा रहे हैं। इस सरकार ने सबसे ज्यादा शोषण किसानों का किया है। कार्यक्रम के आयोजक कमलकांत त्यागी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में यशपाल सिंह, पवन शर्मा, दीपक शर्मा, आशीष गौतम, रकम सिंह, राज सिंह नागर, राजेंद्र जाटव, सुरेशपाल ढाका, असीम खान, खेमचंद पहलवान आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें