बोले- हमारे लिए यह ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण
हेलिकॉप्टर से फूलों की वर्षा से गदगद मेडिकल स्टाफ के डॉक्टरों से लेकर चिकित्सकों तक ने इसे ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण बताया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सीय सेवा में तो उन्हें बरसों बीत गए हैं। लेकिन उनका हौसला बढ़ाने के लिए ऐसा प्रयास पहली बार हुआ है। इन क्षणों का गवाह बनने से वे काफी खुश हैं। इस नजारे का हिस्सा बनने के लिए वे एक घंटा पहले से ही जुट गए थे।
मोबाइल में नजारा कैद करने की रही होड़
इस इवेंट के दौरान अधिकतर स्टाफ में मोबाइल कैमरे में यह नजारा कैद करने की भी होड़ रही। हेलिकॉप्टर आने से पहले ही मोबाइल ऊपर उठाकर गिरते हुए फूलों का शॉट लेने की बेताबी हर किसी में नजर आई।
हौसला बढ़ाते हैं ऐसे प्रयास: डीएम
डीएम अखिलेश सिंह ने कहा कि इस तरह के प्रयास हौसला बढ़ाते हैं। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी का कहना है कि कोरोना जैसी महामारी के बीच भी यह इवेंट हौसला बढ़ाएगा। इससे कोरोना की जंग में जीतने के लिए और हिम्मत बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि स्टाफ के हौसले के साथ आम जनमानस का सहयोग और संकल्प भी जरूरी है।