पश्चिमी यूपी सब एरिया के ऑफिसर्स मेस में वायु सेना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्रोत :
ऑफिसर्स मेस में वायु सेना दिवस मनाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पश्चिमी यूपी सब एरिया मुख्यालय मेरठ छावनी द्वारा बुधवार को ऑफिसर्स मेस में वायु सेना दिवस मनाया गया। वायु सेना के पूर्व सैनिकों के परिवारों द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पश्चिमी यूपी सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा व आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज के कमांडेंट लक्ष्मीकांत मदेवार ने वायु सैनिकों की वीरता और साहस को नमन किया। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर की सफलता तथा भारतीय वायु सेना की वीरता और सामर्थ्य पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म प्रदर्शित की गई। इस फिल्म में दिखाया गया कि युद्ध के दौरान वायु सेना ने किस तरह से अदम्य साहस और वीरता का परिचय देकर शत्रु सेना को मात दी। कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक वर्ष करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम का समन्वय विंग कमांडर राजीव लोचन, स्क्वाड्रन लीडर अनिल गुप्ता एवं स्क्वाड्रन लीडर क्षितिज कुमार द्वारा किया गया। भूतपूर्व सैनिक समुदाय का प्रतिनिधित्व कैप्टन राकेश शुक्ला ने किया। सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन अरुण चौधरी, ऋषिदेव, राजेंद्र सिंह, कमला सिंह, कमलेश, अंजू आदि मौजूद रहे।