अहमदाबाद की युवती ने सोशल मीडिया पर मवाना के युवक से की दोस्ती, फिर प्यार और शादी
मवाना। गुजरात के अहमदाबाद निवासी एक युवती की सोशल मीडिया पर मवाना निवासी एक युवक से पहले दोस्ती हुई और फिर उन दोनों के बीच प्यार हो गया। युवती घर परिवार छोड़कर युवक के पास मवाना चली आई और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। युवती के परिजन अहमदाबाद पुलिस के साथ मवाना पहुंचे, लेकिन युवती ने शादी करने की बात कहते हुए उनके साथ जाने से इनकार कर दिया।
मवाना की प्रीतनगर कॉलोनी निवासी एक युवक मेरठ के एक कॉलेज से बी. फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। युवक की सोशल मीडिया के माध्यम से गुजरात के अहमदाबाद निवासी एक युवती से दोस्ती हो गई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दो माह पहले युवती अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई।
युवती के परिवार वालों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जानकारी होने पर युवती के परिजन अहमदाबाद पुलिस को साथ लेकर मवाना में युवक के घर पहुंचे। युवक व युवती को मवाना थाने लाया गया। जहां युवती ने कहा कि वह बालिग है तथा अपनी मर्जी से यहां आई है। उसने अपने प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। अब वह अपने पति के साथ ही रहेगी। जिसके बाद पुलिस बयान लेकर युवती को पति के सुपुर्द कर लौट गई।