मुजफ्फरनगर में चल रही सेना की अग्निवीर भर्ती भारी बारिश के चलते शुक्रवार और शनिवार को स्थगित कर दी गई थी। दो दिनों की रुकावट के बाद आज रविवार को भर्ती फिर से शुरू कराई गई। आज बिजनौर के युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया। इस दौरान कीचड़ में दौड़ने के बावजूद युवाओं का जोश हाई दिखा।
पश्चिमी यूपी में लगातार चल रही बारिश के कारण मुजफ्फरनगर में चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती परीक्षा में बाधा उत्पन्न हो गई। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी भर्ती प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी। वहीं रविवार को मौसम साफ हुआ तो भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई। आज भर्ती स्थल चौ. चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम पर बिजनौर के युवाओं ने दौड़ लगाई। इस दौरान युवा कीचड़ से लथपथ हो गए लेकिन उनके भीतर अग्निवीर बनने के लिए जोश एकदम हाई दिखा।
विज्ञापन
बता दें कि पिछले दो दिन अग्निवीर भर्ती ग्राउंड में बारिश का पानी भर जाने के कारण युवाओं का काफी दिक्कतों का सामनेे करना पड़ा। अधिकारियों ने मैदान सुखाने की काफी कोशिश की लेकिन बारिश न रुकने के कारण अधिकारियों को भर्ती लगातार दो दिन स्थगित करनी पड़ी।
तीसरे दिन भर्ती को फिर से शुरू किया गया। हालांकि मैदान से कीचड़ पूरी तरह नहीं सूखी, वहीं अभ्यर्थियों ने कीचड़ होने के बावजूद उत्साह के साथ दौड़ पूरी की। कई युवा दौड़ने में असफल भी रहे, कई कीचड़ में फिसलकर गिर पड़े। बाहरन निकले कई युवाओं के पूरे शरीर पर कीचड़ लिपटी नजर आई।
सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए जनपद मे 20 सितंबर से प्रक्रिया शुरू की गई थी। पहले दिन जनपद गौतमबुद्ध नगर के युवाओं ने भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा दी। उसके बाद हापुड़ व रामपुर के युवाओं ने किस्मत आजमाई। शामली और गाजियाबाद के युवाओं की भर्ती दो दिन स्थगित कर दी गई। अब यह भर्ती 11 और 12 अक्तूबर को होगी।