उपभोक्ताओं को गलत बिल मुहैया कराने वाली बिलिंग एजेंसियों को ब्लैक लिस्ट करने के साथ ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। यह बात ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बुधवार को ऊर्जा भवन में मीडिया से कही।
विज्ञापन
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को सबसे ज्यादा शिकायत गलत बिल मुहैया कराने की आ रही है। गलत बिल भेजने वाली एजेंसियों के प्रबंधन को इसका परिणाम भुगतना होगा। योगी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपना रही है। भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर सहन नहीं होगा।
कैश में गड़बड़ी के आरोप में सस्पेंड हुए नोएडा के अधिशासी अभियंता संजय शर्मा के मामले पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार की स्पष्ट नीति है कि कोई निर्दोष फंसेगा नहीं और दोषी बचेगा नहीं।
विज्ञापन
दिल्ली की तरह सस्ती बिजली और 200 यूनिट तक फ्री बिजली के सवाल पर कहा कि यूपी की तुलना दिल्ली से नहीं की जा सकती है। दिल्ली विकसित शहर है। यूपी की 22 करोड़ की आबादी और करीब तीन करोड़ उपभोक्ता हैं।
पिछली सरकार के पापों का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। बिजली चोरी रुके और समय से बिल जमा हों तो सस्ती बिजली का सपना पूरा हो सकता है। मध्यप्रदेश में सरकार पर संकट के सवाल पर कहा कि कांग्रेस के पास लीडरशिप का अभाव है। ये उसका अंदरूनी मामला है इससे भाजपा का कोई लेना देना नहीं है।