खरखौदा। मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खरखौदा में कार का टायर फटने के बाद डिवाइडर पार कर स्कूटी व टेंपो से जा टकराई। हादसे में कार, स्कूटी व टेंपो सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार दोपहर मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बा खरखौदा में डीएवी डिग्री कॉलेज के सामने मेरठ की ओर से तेज गति में आ रही कार का टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक ने कार से अपना नियंत्रण खो दिया। कार आगे चल रही दूसरी कार से टकराई। इसके बाद डिवाइडर पार कर दूसरी साइड में सामने से आ रही स्कूटी व टेंपो से टकरा गई। इससे टेंपो सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में मेरठ की ओर जा रहे स्कूटी सवार इकरार पुत्र दीदार निवासी ओखला दिल्ली, टेंपो सवार खुदा बख्श पुत्र समद, सलमान पुत्र खुदा बख्श व नूर मोहम्मद पुत्र मोफीस निवासी असम, हाल निवासी बिजली बंबा बाईपास व कार सवार मेरठ की जाकिर कॉलोनी निवासी अमन पुत्र असलम व हुमायूं नगर निवासी जावेद पुत्र दिलशाद भी घायल हो गए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। जहां स्कूटी सवार इकरार व टेंपो सवार नूर मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हैं। कार सवार दोनों युवक मेरठ से किसी शादी समारोह में शामिल होने हापुड़ जा रहे थे।