मोदीपुरम। रिमझिम बारिश के बाद रविवार सुबह मौसम में अचानक बदलाव आया। सुबह बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं, पर कुछ देर बाद धूप निकल गई। पिछले चौबीस घंटों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला पर अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली और वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 127 दर्ज किया गया। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने अगले एक-दो दिन मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई है। कभी बादल छाने, कभी धूप निकलने और हल्की बारिश की स्थिति जारी रह सकती है।