पिछले सप्ताह 50 हजार पहुंची थी वाहनों की संख्या
इस बार शनिवार को 30 हजार व रविवार को 40 हजार वाहन सिवाया टोल से गुजरे
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद सैलानियों में दहशत का माहौल है। दिल्ली-देहरादून हाईवे से वीकेंड पर गुजरने वाले वाहनों की संख्या में भी काफी कमी आई है। पिछले सप्ताह जहां शनिवार को 49 हजार व रविवार को 50 हजार वाहन यहां से गुजरे। इस सप्ताह शनिवार को 30 हजार व रविवार को मात्र 40 हजार वाहन यहां से गुजरे हैं।
सिवाया टोल प्लाजा पर शनिवार व रविवार को जाम की स्थिति बनी रहती थी। मेरठ समेत दिल्ली, हरियाणा, एनसीआर और आसपास के जिलों के बड़ी संख्या में लोग पहाड़ों पर घूमने के लिए जाते हैं। लेकिन पहलगाम हमले के बाद पर्यटकों हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून जाने से बचने लगे हैं। बताया जा रहा है कि यहां सुरक्षा को लेकर कोई चिंता की बात नहीं है, लेकिन लोगों में हमले को लेकर गम और गुस्सा है। इसके चलते लोग घूमने जाने से परहेज कर रहे हैं। हालांकि वाहनों की संख्या कम होने के कारण शनिवार व रविवार को लोगों को अधिक जाम का भी सामना नहीं करना पड़ा। टोल के सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान ने बताया कि इस वीकेंड पर वाहनों की संख्या कम दर्ज की गई। पहलगाम हमले का असर सैलानियों पर दिख रहा है।