यूपी के गाजियाबाद से सटे मोदीनगर में कुछ दिनों पहले पंजाब नेशनल बैंक में हुई लूट का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि बुधवार को मेरठ के यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया में एक सुरंग मिलने से बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। रोजाना की तरह बुधवार को भी बैंक मैनेजर और एक अस्थाई कर्मचारी सुबह 9:30 बजे बैंक पहुंचे और मैन दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देख अधिकारी के होश उड़ गए। यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया की यह शाखा दिल्ली रोड पर स्थित है।
ये है मामला
मैनेजर शानू मुखर्जी और एक अन्य कर्मचारी राहुल बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे बैंक पहुंचे। वहां उन्होंने बैंक का मैन दरवाजा खोला तो वहां एक सुरंग बनी मिली। जिसे देख अधिकारी के पैरो तले जमीन खिसक गई। बैंक अधिकारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपने उच्च अधिकारियों को भी घटना की सूचना दे दी। देखते ही देखते मौके पर अधिक संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके बाद एसपी सिटी मानसिंह चौहान, सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया, एसओ टीपीनगर ब्रजेश शर्मा समेत भारी संख्या में पुलिस पहुंची। इसके अलावा क्राइम ब्रांच की टीम और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची। सभी टीम मामले की छानबीन कर रही है। शुरूआती जांच में सामने आया कि बदमाशों ने नाले के नीचे-नीचे करीब दस फिट लंबी सुरंग बनाकर बैंक में चोरी करने का पूरा प्लान बनाया था। हालांकि वो अपने मिशन में कामयाब नहीं हुए और समय रहते पहले ही मामला सामने आ गया। सूचना मिलने पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी समेत अन्य भाजपा नेता भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।