मां-बाप की मौत के बाद अनाथ हुई बेटियों की मदद के लिए पहुंचे पालिका ईओ, थाना प्रभारी और राज्य सभा सांसद
मवाना। नगर के मोहल्ला काबली गेट में कोरोना से मां-बाप की मौत के बाद अनाथ हुई तीन मासूम बेटियों के लिए थाना प्रभारी और ईओ नगर पालिका ने खाद्य सामग्री दी। थाना प्रभारी ने आर्थिक मदद दी। वहीं, राज्य सभा सांसद कांता कर्दम ने भी बच्चियों के घर पहुंचकर उन्हें शीघ्र ही पीएम आवास योजना के तहत मकान दिलाने का आश्वासन दिया।
मोहल्ला काबली गेट निवासी दंपती की आक्सीजन की कमी के चलते मौत हो गई थी। माता-पिता की मौत के बाद तीन मासूमों का सहारा बूढ़ी दादी व बेरोजगार चाचा-चाची हैं। इस संबंध में अमर उजाला द्वारा समाचार प्रकाशित किया गया था, जिसके बाद शासन-प्रशासन को इसका पता चला।
शनिवार को थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर तथा ईओ नगर पालिका सुनील कुमार सिंह बेटियों के पास पहुंचे तथा उन्हें एक माह का राशन दिया। साथ ही थाना प्रभारी ने अपने पास से आर्थिक मदद की। दोनों अधिकारियों ने बेटियों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया तथा किसी भी समस्या आने पर उनको फोन करने के लिए कहा। साथ ही बेटियों का फोन नंबर लेकर दोनों अधिकारियों ने कहा कि समय-समय पर वह उनसे जानकारी लेते रहेंगे। बाद में राज्यसभा सांसद कांता कर्दम बेटियों के पास पहुंची। उन्होेंने बेटियों को सांत्वना देते हुए कहा कि पीएम आवास योजना से उनको मकान दिलाया जाएगा।