- पुलिस युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश में लगी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के गांव से 19 वर्षीय युवती रिश्ता पक्का होने के बाद अपने प्रेमी कुणाल के साथ लापता हो गई है। युवती घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 69 हजार की नकदी और कपड़े भी साथ ले गई है। युवती के प्रेम प्रसंग की भनक लगने पर परिजनों ने उसका रिश्ता किसी और युवक से तय कर दिया था। नवंबर में युवती की शादी होनी है।
युवती की मां ने परतापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका कहना है कि एक अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे युवती अचानक घर से चली। परिजनों को पता चला कि युवती घर में रखी अलमारी से तीन सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी सोने के झुमके, एक तोले की सोने की चेन, तीन जोड़ी चांदी की पायल और नकदी भी अपने साथ ले गई है।
मां का आरोप है कि उनकी बेटी का कुणाल नाम के युवक से प्रेम प्रसंग है। तीन माह पहले परिजनों ने युवती को कुणाल के साथ पकड़ लिया था। रिश्ता तय करने के बाद परिजन उसकी शादी की तैयारियों में जुटे थे। मां ने थाना पुलिस को युवती व आरोपी को तलाश करने व नकदी-आभूषण बरामद करने की मांग की है।
सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश का कहना है कि महिला की शिकायत पर बहला फुसला कर ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना पुलिस ने बताया है कि युवती बालिग है। उसे तलाश किया जा रहा है।