एक हफ्ते से जो बाजार प्री जीएसटी सेल और ऑफरों से गुलजार था, शनिवार को जीएसटी लागू होेते ही वहां सन्नाटा पसर गया। शनिवार को जीएसटी लागू होने का पहला दिन था। जीएसटी लगते ही बाजार सूने हो गए। इलेक्ट्रानिक एप्लायंस, सराफा और कपड़ा बाजार में दुकानदार खाली बैठे रहे। इक्का-दुक्का ग्राहक ही दुकानों पर पहुंचे। जो लोग बाजार आए उनका मकसद जीएसटी का बाजार पर प्रभाव देखना था। लोगों ने खरीदारी कम बाजार में सामान की कीमतों का हाल ज्यादा पता किया। व्यापारियों के अनुसार आगामी 10 दिन में यह स्थिति पटरी पर आएगी।
बिग बाजार में पुरानी दरों पर ही बेचा सामान
सुपर मार्केट, बिग बाजार और शॉपिंग मॉल्स में पुरानी प्रिंट रेट पर ही सामान बेचा गया। थोक बाजार में व्यापारियों ने नए बिल के कारण माल ही नहीं बेचा। जबकि बिग बाजार और दूसरे शॉपिंग मॉल्स में शनिवार को भी छूट जारी रही। छूट के कारण बिग बाजार में अच्छी शॉपिंग हुई। ग्राहकों को पुराने रेट पर ही सामान बेचा गया। बिग बाजार के मैनेजर संदीप ने बताया एक हजार रुपए की खरीददारी पर 300 रुपए की छूट आज भी दे रहे हैं। नया स्टॉक न आने से पुराने स्टॉक को पुराने प्रिंट रेट पर ही बेच रहे हैं। लगभग दस दिनों में नए प्रिंट रेट का सामान आएगा तब कीमतें बदलेंगी।
जीएसटी से सराफा मंडी सूनी
वस्तु एवं सेवाकर लागू होने के बाद शनिवार को सराफा मंडी सूनी रही। गहनों पर मेकिंग चार्ज और रिवर्स चार्ज लगने के कारण ग्राहक बाजार नहीं पहुंचे। सोने, चांदी के गहनों की बनवाई पर 5 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगाया गया है। गहनों की बनवाई महंगी होने के कारण ग्राहक सोना खरीदने नहीं पहुंचे। सराफा व्यापार एसोसिएशन के महामंत्री दिनेश रस्तोगी ने बताया 30 जून तक 10 ग्राम सोने का जो नेकलेस 29,300 रुपए का था, वो नेकलेस जीएसटी लगने के बाद 1 जुलाई को 30,179 रुपए का हो गया। शनिवार को सोने का भाव 29,270 रुपए रहा।
सिनेमाघरों ने घटाए टिकट रेट
जीएसटी का असर मनोरंजन पर भी हुआ है। सिनेमाघरों ने पहले दिन 01 जुलाई से ही नई दरों पर सिनेमा के टिकट बेचे। सिनेमा के टिकटों की कीमत में अच्छा अंतर आया। सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर का जो टिकट 30 जून तक 45 रुपए का था वो शनिवार एक जुलाई को 30 रुपए में बेचा गया। इसी तरह मल्टीप्लेक्स में 220 रुपए वाला प्लेटिनम शो का टिकट 160 रुपए में बेचा गया। जीएसटी से मनोरंजन सस्ता हुआ। सिनेमा के टिकटों पर अभी तक मनोरंजन कर व अन्य कर मिलाकर कुल 40 प्रतिशत टैक्स प्रति टिकट वसूला जाता था। लेकिन जीएसटी में सरकार ने कर की दर 40 प्रतिशत से 28 प्रतिशत कर दी है। शनिवार को 28 प्रतिशत की दर से ही मनोरंजन कर वसूला गया। शहर के सभी सिनेमाघरों में नई दरें लागू कर दी गई हैं।
जीएसटी बहुत अच्छी प्रणाली है। सरकार का कदम सराहनीय है। इससे लोगों को आने वाले समय में बहुत फायदा होगा। -राजीव कुमार सिंह, मोटर्स पार्ट्स व्यापारी
यह हैं सिनेमाघरों में टिकटों की नई दरें
वेव्स सिनेमाज शाप्रिक्स मॉल
शो पुरानी दरें -- नई दरें
मॉर्निंग शो 150- 105
डे शो- 220-160
थ्रीडी-
मॉर्निंग शो- 120-105
डे शो-220- 180
टूडी-
मॉर्निंग शो120-105
डे शो- 220- 160
सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर
पुरानी दरें - नई दरें
45- 30
60- 40
70- 50
90-70