प्रेम में छली गई युवती ने जब युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराई तो आनन-फानन में परिजनों ने दोनों की शादी कर दी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। हालांकि देर शाम उसे छोड़ दिया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी की युवती का दूसरे मोहल्ले के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने शादी का निर्णय लिया। युवती के परिजन तैयार हो गये, लेकिन युवक के परिजनों ने इंकार कर दिया। इस पर युवती ने थाने में युवक व उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाई तो युवक के परिजन शादी को तैयार हो गये। दो दिन पहले गुपचुप तरीके से दोनों की शादी करा दी। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस युवक को हिरासत लेकर थाने ले आई। उसके परिजन भी थाने पहुंच गए। पूरे दिन थाने में फैमिली ड्रामा चला। देर शाम युवती के बयान कोर्ट में दर्ज कराने के बाद युवक को परिजनों की सुपुर्दगी में दिया गया। इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर्रहमान सिद्दीकी ने बताया कि युवती की ओर से मामला दर्ज कराया गया था। थाने पहुंचे दोनों पक्षों के बयान दर्ज हुए। युवती से बात करने के बाद युवक को छोड़ दिया गया।