व्यापारियों के विचार
डरा सहमा है व्यापारी
नोट बंदी, जीएसटी की जटिलताओं से व्यापारी पिछले कार्यकाल में डरा सहमा रहा और व्यापार में भी शिथिलता आ गई थी। हमने राष्ट्रवाद के नाम पर वोट देकर भाजपा की सरकार बनाने में सहयोग किया है। अब हमें उम्मीद है कि इस बार सरकार पूरी तरह व्यापारी हितों के लिए काम करेगी। - विजय आनंद अग्रवाल, महामंत्री, मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन
अब मिले व्यापारियों को राहत
जीएसटी, नोटबंदी, एक्साइज ड्यूटी आदि से जो सख्ती सरकार ने पिछले कार्यकाल में व्यापारियों पर की थी। उम्मीद है कि उस सख्ती को हटाकर अब व्यापारियों को राहत देने का काम करेगी। हमारी प्रमुख मांग सोने पर से एक्साइज ड्यूटी समाप्त करने या कम करने की है। क्योंकि इससे रेट कम होगा और व्यापार बढ़ेगा। - दिनेश रस्तोगी, महामंत्री, सर्राफा व्यापार एसोसिएशन नील गली
सरकार ने बेस बना दिया
उद्योगों के लिए जो नीति बनाई गई हैं, वह अभी धरातल पर नही आई हैं। इस बार उम्मीद है कि मोदी सरकार उन पर अमल करेगी। हालांकि पिछली योजना में भाजपा की केंद्र और वर्तमान प्रदेश सरकार बेस बना चुकी है और अब उसे सिर्फ क्रियान्वित करना है। इससे उद्योग और रोजगार दोनों के अवसर बढ़ेंगे। - अतुल भूषण गुप्ता, चेयरमैन आईआईए मेरठ चैप्टर
सरकार की मंशा भी सकारात्मक
पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी दोनों ही एमएसएमई के पक्षकार हैं। सरकार की मंशा भी सकारात्मक है। लेकिन जो योजना बनी है, उसमें कुछ अव्यवहारिकता हैं, उसमें सुधार के साथ जीएसटी, बैंक ऋण, श्रम कानून और पीएफ जैसे कुछ मामले हैं, जिनकी नीतियों में विसंगति है। इन सभी पर केंद्र सरकार का गठन होने पर विभागीय मंत्री से मिलकर उनका समाधान कराया जाएगा। - पंकज गुप्ता, नेशनल चेयरमैन आईआईए
सुरक्षा के लिए कदम उठाए सरकार
मोदी सरकार से बहुत उम्मीदें है। डाक्टरों की संख्या में बढोतरी होगी। क्लीनिकल इस्टेब्लिशमेंट एक्ट में सुधार हो रहा है। डाक्टरों की सुरक्षा के प्रति गंभीर कदम उठाए जाएंगे। - डॉ. संदीप जैन, सचिव आईएमए मेरठ
चिकित्सकों की संख्या बढ़े
सबसे जरूरी चिकित्सकों की सुरक्षा है। मोदी सरकार इसे गंभीरता से लेगी, ऐसी उम्मीद है। चिकित्सकों की संख्या भी बढ़ेगी, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा और देश आगे बढ़ेगा। - डॉ. मेधावी तोमर, पूर्व अध्यक्ष आईएमए मेरठ
बहुत सुधार की जरूरत
मोदी सरकार में शिक्षकों की दशा सुधरी है। आगे भी सुधार होने, नई भर्ती निकलने की उम्मीद है। सबसे बड़ी बात देश की तरक्की है। - डॉ. वीर बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य केके इंटर कालेज
क्षेत्र की समस्याओं को दूर करें
सांसद जी को चाहिए कि वह पिछले कार्यकाल से ज्यादा इस बार कार्य करें। मेरठ का विकास करें। केंद्रीय योजनाओं का मेरठ को लाभ दिलाएं। क्षेत्र में समय देकर यहां की समस्याओं का निराकरण करें। - डॉ. संजय कुमार, प्रोफेसर मेरठ कॉलेज
केंद्रीय विवि बने सीसीएसयू
नई सरकार राष्ट्र हित में कार्य कर रही है। तेजी से मेरठ का विकास हो। हमारी सांसद से उम्मीद है कि वह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनवाने के लिए प्रयास करें। - डॉ. वीरपाल सिंह, प्रोफेसर सीसीएसयू कैंपस
जाम की समस्या का समाधान हो
सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की परंपरा का समन्वय जीत का आधार बना है। मेरठ में ट्रैफिक जाम और कूड़े का निस्तारण कराने को लेकर सांसद ठोस प्लान लागू कराएं। मोदी जी से उम्मीद है कि वह देशहित में जल्द कई बड़े निर्णय लेंगे। - डॉ. मनोज कुमार सिवाच, प्रोफेसर मेरठ कॉलेज
अनुच्छेद 370 पर जल्द निर्णय ले सरकार
जनता ने नरेंद्र मोदी जी को पूर्ण बहुमत दिया है। ऐसे में अब लोगों की नजरें उन पर हैं। देशहित में मजबूत फैसले लें। कश्मीर में अनुच्छेद 370 पर सरकार जल्द निर्णय करे। - डॉ. सुशील कुमार शर्मा, गेस्ट फैकल्टी सीसीएसयू कैंपस
किसानों के विचार-
किसान आयोग का गठन करें
नई सरकार देश के किसानों को आत्महत्या से बचाने के लिए स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करें और किसानों की समस्या दूूर करने और उनकी बेहतरी के लिए किसान आयोग का गठन करें।
- मनोज चौधरी करनावल
किसान की आमदनी दोगुनी हो
किसानों की बेहतरी के लिए सरकार फसल लागत में कमी लाकर उनकी आमदनी दोगुनी करने की दिशा में गंभीरता से काम करें। किसानों को उबारने के लिए उनकी फसलों का वाजिब एमएसपी और फसल बिक्री का प्रोपर सिस्टम उपलब्ध कराए।
- हरि बिश्नोई
गन्ना भुगतान समय से हो
सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का अपना वादा पूरा करे और गन्ना भुगतान समय से कराना सुनिश्चित करे। समस्त किसानों का कर्जा माफ हो और किसान क्रेडिट कार्ड पर फसल लोन बिना ब्याज के मिले।
- वरुण सांगवान
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/