सरधना। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर सरधना बार एसोसिएशन के
- राजनीतिक दलों के समर्थन न देने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग के लिए सरधना बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बुधवार को न्यायिक यात्रा निकाली। उन्होंने आंदोलन को तेज करने का संदेश दिया। बार अध्यक्ष सैय्यद आरिफ अली के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने लोगों से समर्थन की अपील की।
उन्होंने राजनीतिक दलों को चेतावनी दी कि समर्थन न देने पर आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार हो सकता है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ अली और महामंत्री संजीव पंवार ने कहा कि यह मांग लंबे समय से लंबित है। क्षेत्र के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे उनका समय और धन खर्च होता है। हाईकोर्ट बेंच से न्याय पाना आसान होगा।
अधिवक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक दलों को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है। सैय्यद आरिफ अली ने बताया कि यह मांग केवल अधिवक्ताओं तक सीमित नहीं है। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आम नागरिकों के हितों से जुड़ा विषय है। न्यायिक यात्रा में वीरेंद्र सैनी, रविंद्र सिंह, प्रशांत त्यागी, पोयम चंदेल, जितेंद्र पांचाल, सुनील कुमार, जगपाल सोम आदि अधिवक्ता शामिल रहे।