बागपत में साइबर ठगी होने के बाद बली गांव के अधिवक्ता नरेंद्र पंवार का बेटा बीए का छात्र वंश पंवार ऑडियो क्लिप में सुसाइड की बात कहकर घर से चला गया। इसका पता चलते ही परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसमें अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी।
बली गांव के अधिवक्ता नरेंद्र पंवार ने बताया कि उनका बेटा वंश श्रीराम कॉलेज में बीए का छात्र है, जो शनिवार को घर पर ही था। दोपहर श्रीराम कॉलेज से घर वापस आया और फोन रखकर चला गया।
फोन में वंश की एक ऑडियो रिकार्डिंग भी मिली, जिसमें वंश ने तीस हजार रुपये की साइबर ठगी होने के बारे में बताया। इसके बाद साइबर ठगी से परेशान होकर घर छोड़ने और जिंदा नहीं रहने की बात कही। रिकार्डिंग सुनते ही परिवार के सदस्यों ने वंश की तलाश शुरू कर दी।
बली गांव के अलावा आसपास के गांवों और रिश्तेदारियों में भी तलाश किया, लेकिन देर रात तक कुछ पता नहीं चला। इसके चलते रविवार को कोतवाली में अधिवक्ताओं की भीड़ लगी रही। इस मामले में पुलिस का कहना है कि लापता छात्र की तलाश शुरू कर दी गई है, उसकी बरामदगी के लिए कई टीमों को लगाया गया है।