दौराला - श्री अद्वैत स्वरूप ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल विद्यार
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। नंगली साहिब स्थित ट्रस्ट समाधि श्री गुरु मंदिर नंगली साहिब द्वारा संचालित श्री अद्वैत स्वरूप ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली नाटक का मंचन किया। नाटक के माध्यम से नशे की बढ़ती लत और इसके कारण बर्बाद हो रहे परिवारों की स्थिति को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों के अभिनय ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ ही नशे से दूर रहने का संदेश दिया। नाटक के बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरुक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के स्वामी ब्रह्मधर्मानंद, संत सार दिव्यानंद, अभिषेक राठी, नरेश अरोड़ा, मंजू अरोड़ा आदि मौजूद रहे।