मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस और कॉलेजो में आज यूजी कोर्सों में रजिस्ट्रेशन और प्रवेश की आज अंतिम तिथि है। पीजी कोर्सों में कॉलेजों में ऑफर लेटर जमा करने की भी आज अंतिम तिथि है। कल से कॉलेज मेरिट बनाकर चार जनवरी तक प्रवेश देंगे।
कैंपस-कॉलेजों में यूजी-पीजी कोर्सों में अब तक 130835 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। यूजी में रजिस्ट्रेशन और पहले से पंजीकृत छात्रों के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। पीजी कोर्सों में प्रवेश के लिए पहली ओपन मेरिट के ऑफर लेटर डाउनलोड करके कॉलेजों में जमा करने की आज अंतिम तिथि है। एक जनवरी से चार जनवरी तक कॉलेज खाली सीटों पर मेरिट बनाकर प्रवेश देंगे। यूजी कोर्सों में जहां कैंपस-कॉलेजों में दो लाख सीटें हैं। वहीं, पीजी कोर्सों में करीब 60 हजार के करीब सीटें हैं। अभी तक दोनों में सिर्फ एक लाख 30 हजार छात्र-छात्राओं ने ही प्रवेश लिया है। सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में एक लाख 30 हजार सीटें खाली पड़ी हैं।
एलएलबी की मेरिट पर अभी तक निर्णय नहीं
एलएलबी में अभी तक विवि ने एक ही मेरिट जारी की है। दूसरी मेरिट का छात्र-छात्राओं का इंतजार है। बुधवार को भी विवि मेरिट जारी नहीं कर सका। अभी तक विवि एलएलबी की दूसरी मेरिट को लेकर कोई निर्णय नहीं ले पा रहा है। विवि प्रशासन का कहना है कि काफी छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन भरे गए फार्म में गलत अंक भर दिए हैं, इसके चलते सारी लिस्ट को चेक कराया जा रहा है।