केंद्रीय विद्यालयों में आज से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
मेरठ। देशभर के केंद्रीय विद्यालयों सहित मेरठ के 3 केंद्रीय विद्यालयों में पहली कक्षा में प्रवेश के लिए प्रक्रिया आज से शुरू होगी। आज से विद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन प्रवेश पंजीयन होंगे जो सात अगस्त तक होंगे। मेरठ में केवी सिख लाइंस, डोगरा लाइंस व पंजाब लाइंस में पहली कक्षा में प्रवेश होंगे।
11 अगस्त को जारी होगी पहली सूची
प्रवेश के लिए पहली सूची 11 अगस्त को जारी होगी। दूसरी चयनित सूची का प्रदर्शन 24 अगस्त को व तीसरी सूची का प्रदर्शन 26 अगस्त को होगा। वहीं केंद्रीय विद्यालय संशोधित नियमों के अनुसार अब 27 फीसदी सींटें अन्य पिछड़े वर्गों यानि ओबीसी छात्रों के लिए आरक्षित रखी जाएंगी। केवीएस एडमिशन गाइडलाइन 2020-21 को ऑफिशियल वेबसाइट, kvsangathan.nic.in पर जारी किया गया।
नवीं कक्षा के लिए प्रवेश परीक्षा
कक्षा एक में दाखिला ऑनलाइन ड्रॉ सिस्टम से होगा और कक्षा 2 से कक्षा 8 में छात्रों का दाखिला प्राथमिकता के आधार पर होगा। कक्षा 9 में दाखिला प्रवेश परीक्षा के आधार पर लिया जाएगा। 11 में छात्रों का प्रवेश कक्षा 10 के प्राप्तांकों के आधार पर व कक्षा 10 और कक्षा 12 में प्रवेश कक्षाओं में सीटों की उपलब्धता के आधार पर मिलेगा।
5 से 7 वर्ष हो छात्र की आयु
केंद्रीय विद्यालयों की विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश के लिए कक्षाओं के अनुसार आयु सीमा तय है। सत्र 2020-21 में दाखिले के लिए केवीएस द्वारा आयु सीमा (न्यूनतम और अधिकतम) निर्धारित की गई है। केवीएस एडमिशन गाइडलाइन के अनुसार कक्षा 1 में आवेदन के वर्ष छात्र की आयु एक एक अप्रैल को न्यूनतम आयु 5 वर्ष और अधिकतम 7 वर्ष होनी चाहिए।