मेरठ। चौधरी चरण सिंह परिसर और उससे संबंधित कॉलेजों में शुक्रवार से भीड़भाड़ दिखनी शुरू हो जाएगी। बता दें कि छुट्टियों के चलते यूजी-पीजी प्रवेश प्रक्रिया बंद चल रही थी, लेकिन अब फिर से शुरू हो जाएगी। परिसर के विभाग और कॉलेज आज ऑफर लेटर जारी करते हुए प्रवेश करेंगे। आज शाम को ही खाली सीटों पर फिर से प्रतीक्षा सूची जारी होगी और इसके प्रवेश कल होंगे। विभाग एवं कॉलेज पहली मेरिट तैयार कर चुके हैं।
विवि के अनुसार स्नातक में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीएससी कृषि सहित बीए-एलएलबी, बीकॉम-एलएलबी और पीजी में एमए, एमकॉम, एमएससी सहित पीजी सर्टिफिकेट, डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में तीन एवं चार अक्तूबर को प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
एलएलबी में कल तक होंगे पंजीकरण
कैंपस-कॉलेजों में तीन वर्षीय एलएलबी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कल यानी चार अक्तूबर तक कराए जा सकेंगे। विवि के अनुसार छात्रों के लिए पंजीकरण का अंतिम मौका है। पंजीकरण के बाद विद्यार्थी छह अक्तूबर तक संबंधित कॉलेज एवं विभाग में आवेदन की कॉपी जमा करनी होगी। सात अक्तूबर को कॉलेज एवं विभाग प्राप्त आवेदनों से कटऑफ तैयार करते हुए ऑफर लेटर जारी करेंगे। इसके प्रवेश आठ एवं नौ अक्तूबर को होंगे। नौ अक्तूबर की शाम को पहली प्रतीक्षा सूची भी जारी होगी और इससे प्रवेश 10 अक्तूबर को होंगे। खाली सीटें रहने पर कॉलेज दस अक्तूबर को ही अंतिम प्रतीक्षा सूची तैयार करते हुए 11 अक्तूबर को प्रवेश होंगे।