पहली मेरिट के प्रवेश पांच से नौ अक्टूबर तक
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में स्नातक के 21 कोर्सों में प्रवेश के लिए पहली मेरिट लिस्ट सोमवार को विवि जारी करेगा। इसमें 1.30 लाख छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पहली मेरिट के प्रवेश पांच से नौ अक्टूबर के बीच होंगे। इसके बाद कॉलेज अपनी ओपन मेरिट बनाकर प्रवेश करेंगे। पहली मेरिट में नाम आने के बाद प्रवेश नहीं लिया तो बाद में सरकारी कॉलेज नहीं मिल सकेगा।
प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पहली मेरिट पांच अक्टूबर को जारी होगी। कॉलेजों को इसके प्रवेश नौ अक्टूबर तक एडमिशन पोर्टल पर कन्फर्म कराने होंगे। प्रवेश लेने से पूर्व छात्र-छात्राएं अपनी लॉगिन आईडी से अपना पंजीकरण फार्म एवं ऑफर लेटर डाउनलोड करेंगे। पंजीकरण फार्म, ऑफर लेटर के साथ अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र, आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्र, मूल निवास, आधार आदि सभी प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित फोटोकॉपी एवं मूल प्रमाण पत्रों के साथ विवि कैंपस-कॉलेजों में संपर्क करें। प्रथम वरीयता पर मिले कॉलेजों में प्रवेश नहीं लेने पर अभ्यर्थी का नाम अन्य मेरिट लिस्ट में शामिल नहीं किया जाएगा। ऐसे अभ्यर्थी ओपन मेरिट के आधार पर ही जहां सीटें खाली होंगी वहां प्रवेश ले पाएंगे। वहीं विवि ने प्रवेश में ईडब्ल्यूएस श्रेणी के छात्र-छात्राओं के लिए 10 फीसदी सीटें बढ़ाने और इसको लागू कराने के लिए एक कमेटी का भी गठन कर दिया है।