प्रदेश के तीन स्पोर्ट्स कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। मंगलवार को कैलाश प्रकार स्टेडियम में दूसरे दिन पांच खेलों का ट्रायल लिया गया। जिसमें 27 खिलाड़ियों का अगले राउंड में चयन हो गया है।
वहीं 16 खिलाड़ियों को रिजेक्ट कर दिया गया है। मंडल से क्रिकेट ट्रायल में आए तीनों खिलाड़ी रिजेक्ट हो गए।
क्रिकेट, एथलेटिक, कुश्ती और कबड्डी का ट्रायल लिया गया। कक्षा छह में सत्र 2016-17 के लिए अभ्यर्थी की आयु 1 अप्रैल 2016 को 9 से 12 वर्ष के मध्य मांगी गई थी।
अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य एवं आयु प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र की छाया प्रति, आयु, स्वास्थ्य एवं निवास का मूल प्रमाण पत्र भी मांगा गया था। इन दस्तावेजों के साथ खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी मुद्रिका पाठक, जयवीर सिंह, नवीन गुप्ता, ललित पंत मौजूद रहे।
क्रिकेट में नहीं बढ़ा एक भी खिलाड़ी
मेरठ मंडल को क्रिकेट का गढ़ माना जाता है। इसके बाद भी क्रिकेट के ट्रायल में मात्र तीन खिलाड़ी ही आए। इन तीनों को खराब परफार्मेंस के चलते रिजेक्ट कर दिया गया। अब मेरठ मंडल से स्पोर्ट्स कॉलेज के ट्रायल में आगे कोई भी खिलाड़ी नहीं जाएगा।
एथलीटों में रुचि
नवोदित खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में ट्रायल देने में रुचि दिखाई। इसमें मंडल से 27 खिलाड़ियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 17 का चयन अगले राउंड के लिए कर दिया गया है।
वहीं 10 रिजेक्ट हो गए। कुश्ती में चार खिलाड़ी आए थे, जिनका चयन हो गया है। कबड्डी में नौ खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया, जिसमें से छह का चयन हो गया। तीन रिजेक्ट कर दिए गए।
जिमनास्टिक में एक भी नहीं आया
ट्रायल के लिए जिमनास्टिक में एक भी खिलाड़ी नहीं आया। जिमनास्टिक में बालक और बालिका दोनों वर्गों का ट्रायल आयोजित किया गया था। वहीं, सोमवार को हुए ट्रायल स्वीमिंग और जूडो में भी एक भी खिलाड़ी नहीं आया था।