मेरठ।
सीसीएसयू की एडमिशन की रफ्तार पर ब्रेक से लग गया है। मेरिट पर मेरिट आ
रही हैं, लेकिन सीट नहीं भर रहीं। पहली तीन मेरिट में जितने एडमिशन हो गए
थे, उतने बाद की चार मेरिट में नहीं हुए। शनिवार को विवि आठवीं मेरिट जारी
करेगा। इसके बाद 25 अगस्त को एडमिशन को लेकर निर्णय किया जाएगा। ओपन मेरिट
की भी मांग हो रही है।
विवि ने तीन मेरिट जारी करने के बाद पहली और
दूसरी मेरिट में एडमिशन से वंचित रहे गए प्रवेशार्थियों को री कंसीडर का
मौका दिया था। इसका असर यह हुआ कि मेरिट नीचे आने की जगह ऊपर चली गई। तब से
एडमिशन की रफ्तार कम हुई है। जानकारों का कहना है इससे प्रवेशार्थियों की
जहां उम्मीद कम हुई, वहीं एडमिशन पर भी इसका असर पड़ा। उलझन की स्थिति बन
गई। एडेड कॉलेजों में कुछ कोर्स में 80 प्रतिशत सीट भर चुकी हैं। बीए में
सबसे ज्यादा सीट खाली हैं। बीकॉम और बीएससी में कुछ कॉलेजों में 90 प्रतिशत
तक भी एडमिशन हो गए हैं। विवि अब एडमिशन प्रक्रिया को समेटना चाहता है।
आठवीं मेरिट शनिवार को जारी की जाएगी। एडमिशन 24 अगस्त तक होंगे। 25 अगस्त
को विवि बैठक कर निर्णय लेगा।
परीक्षा समिति की बैठक आज
शनिवार
को विवि ने परीक्षा समिति की बैठक बुलाई है। इसमें बीएड सत्र 2013-14 के
प्रैक्टिकल कराने का मामला रखा जाएगा। छात्रों की लिखित परीक्षा हो चुकी
है, लेकिन प्रैक्टिकल नहीं हुए हैं। मामला कोर्ट के विचाराधीन है। परीक्षा
समिति को प्रैक्टिकल पर निर्णय करना है।